ऊधम सिंह नगर में ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त अभियान, 34 चालान और 25 वाहन सीज
ऊधम सिंह नगर। माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ऊधम सिंह नगर द्वारा जनपद भर में ओवरलोडिंग के विरुद्ध वृहद स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया जा रहा है।
एसएसपी के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने विभिन्न प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन कर ओवरलोडिंग करते पाए गए वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत अब तक कुल 34 ओवरलोड वाहनों का चालान किया गया है। वहीं नियमों की गंभीर अनदेखी करने वाले 25 ओवरलोड वाहनों को सीज किया गया है। इसके अतिरिक्त 16 वाहनों के कोर्ट चालान भी किए गए हैं, जिन पर न्यायालय के माध्यम से विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग से न केवल सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में जनपद में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहन संचालन करें और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
