राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय मझेडा में “नालसा जागृति योजना 2025” के अंतर्गत विधिक साक्षरता एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन
माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल/जिला न्यायाधीश श्री प्रशांत जोशी के मार्गदर्शन में, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल की सिविल जज (सी०डि०)/सचिव श्रीमती पारुल थपलियाल द्वारा राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय मझेडा, डोबा ग्राम में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर के साथ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं ग्राम प्रधान द्वारा सचिव महोदया के स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की सुंदर प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।
शिविर में सचिव श्रीमती पारुल थपलियाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रारंभ की गई “नालसा जागृति योजना 2025” का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कानूनी साक्षरता और जागरूकता को सुदृढ़ करना है।
यह योजना स्थानीय स्वशासन निकायों और सामुदायिक ढांचे को विधिक सेवा संस्थानों से जोड़कर आम नागरिकों को न्याय के करीब लाने का कार्य करती है। योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को उनके अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, सरकारी योजनाओं तथा न्यायिक प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी जाती है, विशेषकर उन लोगों को जो कानूनी सहायता के पात्र हैं।
शिविर में महिला प्रतिकर योजना, घरेलू हिंसा संरक्षण अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम, निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया निम्न विषयों पर विशेष जानकारी प्रदान की गई।
विधिक जागरूकता के साथ-साथ चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा ग्रामवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस दौरान डॉ. अनिल गंगवार, दीपक सती, डॉ. योगेश, फार्मेसिस्ट गिरा, रेखा चिलवाल (एएनएम) सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
शिविर में महेन्द्र सिंह (प्रधानाचार्य, मझेडा), कमला नेगी (प्रधानाचार्य, डोबा), यशवंत कुमार, संजय कुमार एवं रंजना पांडे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

