Spread the love

आज सुप्रीम कोर्ट का फैसला, बनभूलपुरा में हाई अलर्ट; पुलिस का फ्लैग मार्च, चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में 24 फरवरी 2026 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय में प्रस्तावित सुनवाई से पूर्व नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। संभावित निर्णय के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया और भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुनवाई के बाद किसी भी स्थिति से निपटने के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा सरकारी कार्यवाही को निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में अत्याधुनिक असलहों से लैस पुलिस बल, पीएसी, फायर यूनिट, टियर गैस स्क्वॉड और ड्रोन यूनिट्स की तैनाती की गई है।

AREA DOMINATION की कार्यवाही

पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार “एरिया डोमिनेशन” अभियान चलाया जा रहा है।
• संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग की जा रही है।
• संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध प्रिवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई जारी है।
• कोर क्षेत्र में स्थानीय पहचान पत्र (आईडी) के बिना प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।
• शांति भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इन्द्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इन्द्रानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा और रेलवे स्टेशन गेट समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल ने किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा श्री दिनेश सिंह फर्त्याल, थाना पुलिस बल, पीएसी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

एसएसपी नैनीताल ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें और शासन-प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने का आग्रह किया है।

 


Spread the love

You missed