Oplus_16908288
Spread the love

अनियमितताओं के चलते सर्वे कानूनगो अशरफ अली को हल्द्वानी से अवमुक्त कर ऊधम सिंह नगर वापस भेजा

हल्द्वानी में तहसील कर्मियों पर भी गिरी गाज

नैनीताल, 24 सितंबर 2025 – कुमाऊं कमिश्नर के निरीक्षण में हल्द्वानी तहसील में पाई गई अनियमितताओं के बाद जिलाधिकारी नैनीताल वंदना ने कड़ा कदम उठाते हुए तहसीलदार सहित तीन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में सर्वे कानूनगो अशरफ अली को निलंबित करने की संस्तुति की गई है।

जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों पर कुमाऊं कमिश्नर ने हल्द्वानी तहसील का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं। इसके बाद जिलाधिकारी वंदना ने निम्नलिखित कार्रवाइयां की हैं:

तहसीलदार मनीषा बिष्ट: उन्हें हल्द्वानी तहसीलदार के पद से हटाकर उनके सेवा अभिलेख में विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि (Special Adverse Entry) अंकित की गई है। यह कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि जून में जिलाधिकारी के वार्षिक निरीक्षण में भी अनियमितताएं पाई गई थीं और चेतावनी के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ।

सर्वे कानूनगो अशरफ अली: उन्हें तत्काल हल्द्वानी तहसील से अवमुक्त कर उनके मूल जनपद ऊधम सिंह नगर वापस भेजा गया है। जिलाधिकारी ने उनकी नियुक्ति अधिकारी, जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को उनके निलंबन की सिफारिश भी भेजी है।

रजिस्ट्रार कानूनगो भगवत बिष्ट: लंबे समय से हल्द्वानी तहसील में तैनात रहे भगवत बिष्ट का भी तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि हल्द्वानी तहसील में सामने आई अनियमितताओं की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद अन्य दोषी कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love