हल्द्वानी बेस अस्पताल में मरीज की संदिग्ध मौत, पर्ची काउंटर के पास मिला अचेत
हल्द्वानी। सोबन सिंह जीना (बेस) अस्पताल में शुक्रवार को एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मरीज पर्ची काउंटर के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला, जिसे बाद में इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे अस्पताल परिसर में सामान्य दिनों की तरह भीड़ थी। इसी दौरान पर्ची काउंटर के पास एक व्यक्ति काफी देर तक बिना हरकत के पड़ा रहा। शुरुआत में लोग उसे नजरअंदाज करते रहे, लेकिन जब कोई हलचल नहीं दिखी तो आसपास मौजूद लोगों ने पार्षद प्रेम बेलवाल की मदद से उसे तत्काल इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया।
इमरजेंसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास मिले दस्तावेजों में उसका नाम नीरज पांडे बताया जा रहा है।
बेस अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस दत्ताल ने बताया कि मृतक के पास मिली पर्ची से अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह अस्पताल में उपचाराधीन था और संभवतः इलाज के लिए ही आया था।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि मृतक की पहचान और अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।





