गल्ला मंडी में रात का खौफ—कमरे में घुसा जहरीला कोबरा, मची भगदड़!
गल्ला मंडी में सोमवार रात करीब 10:30 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गोदाम कर्मी के कमरे में अचानक बेहद जहरीला कोबरा सांप घुस आया। जैसे ही कमरे में कोबरा होने की खबर फैली, मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घबराए लोगों ने तुरंत मंडी स्थित एक दुकान स्वामी के जरिए तराई केंद्रीय वन प्रभाग की रेस्क्यू टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के सदस्य सुभाष चंद्र फौरन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद खतरनाक कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।
रेस्क्यू के दौरान कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। सुभाष चंद्र ने बताया कि पकड़ा गया सांप कोबरा प्रजाति का बेहद विषैला और खतरनाक होता है, जिसका एक डंक जानलेवा साबित हो सकता है।
गनीमत रही कि समय रहते कर्मी की नजर सांप पर पड़ गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
इस घटना के बाद मंडी में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा। वहीं, मंडी कर्मियों ने राहत की सांस लेते हुए रेस्क्यू टीम और तराई केंद्रीय वन प्रभाग का आभार जताया।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


