गहना में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया
रामगढ़ (गहना): रामगढ़ ब्लॉक के ग्राम सभा गहना स्थित आर्यन खेल मैदान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का 133वां जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश चंद्र प्रेम पथिक जी ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष और उनके योगदान पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों की लड़ाई लड़कर नई राह दिखाई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके विचारों को अपनाने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व प्रधान राकेश चंद्र ने क्षेत्र की कई प्रमुख समस्याएं उठाईं। इनमें गहना इंटर कॉलेज में विज्ञान वर्ग की कक्षा खोलने, आर्यन खेल मैदान के सौंदर्यीकरण और अंबेडकर भवन के निर्माण की मांग प्रमुख रही। इसके साथ ही डॉ. अंबेडकर मिशन एंड फाउंडेशन के अध्यक्ष जगदीश चंद्र ‘जीतू’ ने रामगढ़ ब्लॉक प्रमुख सीट को आरक्षित करने संबंधी ज्ञापन भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा को सौंपा।
विधायक श्री राम सिंह कैड़ा ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और क्षेत्र के विकास हेतु हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में प्रकाश चंद्र प्रेम पथिक, गणेश आर्या (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), सीमा आर्या (अध्यक्ष, यशोदा मैया महिला ग्राम संगठन), चंदू लता, पुष्कर नयाल, अंकित पांडे, हरीश पनेरू (पूर्व राज्य दर्जा मंत्री), दीपू (प्रधान, दरमोली), राजेश कुमार (प्रधान), पंकज कुमार, चंद्र प्रकाश, नीरज, अनिल कुमार, सूरज, विकास, ऋषभ, त्रिलोचन सहित अनेक गणमान्य लोग और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इससे पूर्व, 11 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर मिशन एंड फाउंडेशन की ओर से ग्राम सभा भियालगांव से गहना तक संविधान जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। इस रैली में समाज के सभी वर्गों ने एकजुटता दिखाते हुए संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
