हल्द्वानी बस स्टेशन पर कूड़े के ढेर से मिला युवक का शव, इलाके में मची सनसनी
हल्द्वानी। रोडवेज बस स्टेशन परिसर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कूड़े के ढेर से तेज दुर्गंध आने लगी। राहगीरों ने पास जाकर देखा तो वहां एक युवक का शव पड़ा हुआ था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू की।
पुलिस जांच में मृतक की शिनाख्त मनोज बेलवाल निवासी बेतालघाट के रूप में हुई। मनोज सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय में एम्बुलेंस चालक के पद पर कार्यरत था।
परिजनों के अनुसार, मनोज कुछ समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। इसी कारण वह कई महीनों से ड्यूटी पर नहीं जा रहा था। इलाज के दौरान उसे घर लाया गया था, लेकिन कुछ दिनों से वह घर से भी लापता था।
रविवार सुबह शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने मनोज की पहचान की। उन्होंने बताया कि मनोज को आखिरी बार रोडवेज बस स्टेशन और श्री कालूसिद्ध मंदिर क्षेत्र के आसपास देखे जाने की सूचना मिली थी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।
