Spread the love

घुघुतिया त्यार की धूम: हल्द्वानी में 9 दिन गूंजेगी कुमाऊँनी संस्कृति, 7 से 15 जनवरी तक भव्य उत्तरायणी महोत्सव

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच द्वारा हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी उत्तरायणी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह नौ दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव 7 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें कुमाऊँ की लोकसंस्कृति, परंपराएँ और लोकजीवन पूरे वैभव के साथ नजर आएंगे।

घुघुतिया त्यार के अंतर्गत आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ 7 जनवरी को श्री श्री गोल्ज्यू देवता के पूजन के साथ होगा। इसके बाद प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। लोकगीत, लोकनृत्य, छोलिया नृत्य, कवि सम्मेलन और पारंपरिक प्रस्तुतियाँ दर्शकों को कुमाऊँ की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ेंगी।

महोत्सव में व्यापार मेला, खेलकूद प्रतियोगिताएँ और भव्य शोभायात्रा भी विशेष आकर्षण रहेंगी। बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए चित्रकला, फैन्सी ड्रेस, भाषण प्रतियोगिता सहित अनेक सांस्कृतिक व रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। खेल प्रेमियों के लिए दौड़, खो-खो, रस्साकशी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएँ होंगी, जिनका फाइनल मुकाबला 15 जनवरी को खेला जाएगा।

मेला परिसर में पारंपरिक पहाड़ी उत्पाद, स्थानीय दालें, हस्तशिल्प और कुमाऊँनी व्यंजन उपलब्ध रहेंगे, जिससे लोग पहाड़ की खुशबू और स्वाद दोनों का आनंद ले सकेंगे। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि लोकनृत्य प्रतियोगिताओं में रिकॉर्डेड संगीत मान्य नहीं होगा, तथा सभी झांकियों को सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को पुरस्कार समापन दिवस पर प्रदान किए जाएंगे।

उत्तराखण्डपर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच ने हल्द्वानी सहित पूरे क्षेत्रवासियों से इस सांस्कृतिक उत्सव में परिवार सहित शामिल होकर उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति को सहेजने और बढ़ावा देने की अपील की है।


Spread the love