Spread the love

पिथौरागढ़ जिले के खूनी गांव का नाम बदलकर अब ‘देवीग्राम’

देहरादून। लंबे समय से चली आ रही जनभावनाओं और मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने पिथौरागढ़ जिले की तहसील पिथौरागढ़ स्थित ग्राम “खूनी” का नाम बदलकर “देवीग्राम” करने का निर्णय लिया है।

सरकारी अधिसूचना के अनुसार, ग्रामों और तहसीलों के नाम परिवर्तन से पूर्व भारत सरकार से अनुमति लेना अनिवार्य है। इस प्रक्रिया के तहत गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने 3 जून 2025 को तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने 5 जून 2025 को नाम परिवर्तन के संबंध में अपनी सहमति प्रदान कर दी थी।

इसके बाद राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश साधारण खंड अधिनियम, 1904 (अधिनियम संख्या-1, वर्ष 1904) की धारा 21 में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी कर दिया है। आदेश के गजट में प्रकाशित होते ही ग्राम “खूनी” का आधिकारिक नाम “देवीग्राम” हो जाएगा।

सरकार का कहना है कि ग्राम का नाम “खूनी” लोगों की भावनाओं को आहत करता था। स्थानीय जनता लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग कर रही थी। इस परिवर्तन के बाद ग्रामीणों ने इसे अपनी भावनाओं का सम्मान बताया है और उम्मीद जताई है कि नए नाम “देवीग्राम” से गांव की पहचान और सकारात्मक रूप में होगी।


Spread the love