Spread the love

नैनीताल क्लब में जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

नैनीताल। नैनीताल क्लब (शैले हॉल) में शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। समारोह में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सर्वप्रथम नवनिर्वाचित अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दर्मवाल तथा उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट को शपथ ग्रहण कराई। इसके उपरांत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने सभी जिला पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने सभी को नंदा अष्टमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जिला पंचायत, नैनीताल जनपद को विकास की अग्रणी पंक्ति में लाने के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में आमजन एवं पंचायत सदस्यों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण होगी और जिले को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना हमारी प्राथमिकता होगी। सभी समस्याओं का समाधान आपसी सहयोग और समन्वय से किया जाएगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार ने जानकारी दी कि जिला पंचायत की प्रथम बैठक 6 सितम्बर 2025 को प्रातः 11 बजे नैनीताल क्लब के सभागार में आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, दायित्वधारी हेमंत द्विवेदी, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्य, सुरेश भट्ट, शांति मेहरा, दीपक मेहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, राज्य आंदोलनकारी गणेश बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद दर्मवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट ने किया।


Spread the love