Spread the love

हल्द्वानी: रकसिया और कलसिया नालों पर अतिक्रमण चिन्हीकरण का कार्य तेज, SDM ने किया स्थलीय निरीक्षण

हल्द्वानी। रकसिया और कलसिया नालों पर अवैध अतिक्रमणों को हटाने की दिशा में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह के निर्देशन में अतिक्रमण चिह्नीकरण, भौतिक सीमांकन एवं अभिलेखीय सत्यापन का काम चरणबद्ध रूप से किया जा रहा है।

प्रशासन की टीम ने नालों की वास्तविक सीमाएं तय करते हुए अतिक्रमित स्थलों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। इससे पहले देवखड़ी और रकसिया नालों के किनारे प्राथमिक रूप से चिन्हित अतिक्रमणों को नोटिस जारी किए गए थे। प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण हेतु जनसुनवाई शिविरों का आयोजन कर मौके पर भौतिक सत्यापन भी कराया गया।

बुधवार को देवखड़ी नाले के संजय नगर और आवास विकास क्षेत्रों में कुल 58 चिन्हित अतिक्रमणों की स्थल पर मापन और लाल निशान (रेड मार्किंग) के माध्यम से पहचान की गई। इसी प्रकार रकसिया नाले के बिठौरिया नंबर-1 और चंबल पुल क्षेत्र में 20 अतिक्रमणों का स्थलीय निरीक्षण कर सीमांकन व मार्किंग का कार्य पूरा किया गया।

कार्यवाही के दौरान उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने स्वयं दोनों क्षेत्रों में पहुंचकर सीमांकन कार्य की निगरानी की और अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “नालों की सुरक्षा और मूल स्वरूप बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

इस अभियान में तहसीलदार हल्द्वानी मनीषा बिष्ट, तहसीलदार लालकुआँ कुलदीप पांडेय, GIS विश्लेषक, कानूनगो और राजस्व विभाग की टीम सक्रिय रूप से सम्मिलित रही। सीमांकन से लेकर अभिलेखों के सत्यापन तक की प्रक्रिया पूरी गंभीरता के साथ की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चिन्हित अतिक्रमणों पर नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी, और यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, कानून सम्मत ढंग और जनसुनवाई के सिद्धांत पर आधारित है। अभियान का उद्देश्य न केवल अतिक्रमण हटाना है, बल्कि जनता को नालों की वास्तविक सीमा से अवगत कराना भी है।


Spread the love