हल्द्वानी में आपत्तिजनक हालत में युवक-युवतियां पकड़े जाने से मचा हड़कंप, आरोपी पर मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित वार्ड नंबर तीन में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक तीन युवतियों के साथ एक घर में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़कर पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी युवक सहित तीनों युवतियों को हिरासत में लिया। वार्ड सभासद की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना वार्ड नंबर तीन, वैलेजली लॉज क्षेत्र की बताई जा रही है। वार्ड सभासद धर्मवीर ने बताया कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे उन्हें सूचना मिली कि क्षेत्र के एक घर में संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। स्थानीय लोगों के साथ वे मौके पर पहुंचे तो एक युवक तीन युवतियों के साथ आपत्तिजनक हालत में मिला।
इस घटना के बाद क्षेत्र में हंगामा मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। बताया जा रहा है कि भीड़ ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी युवक आए दिन इसी घर में अज्ञात युवतियों को लेकर आता था। आरोपी की पहचान तसलीम निवासी काठगोदाम के रूप में हुई है। वहीं जिस मकान से युवक और युवतियां पकड़े गए, वह वसीम नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जो तसलीम का परिचित है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने भारी बल मौके पर भेजा और स्थिति को नियंत्रित किया। देर रात से लेकर सुबह करीब चार बजे तक क्षेत्र में हंगामा बना रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने आसपास के थानों से अतिरिक्त फोर्स बुला ली थी।
एसएसआई रोहताश सागर ने बताया कि वार्ड पार्षद की तहरीर पर आरोपी तसलीम के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों युवतियों को पूछताछ के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है और सभी तथ्यों की जांच जारी है।
