हल्द्वानी के प्रतिष्ठित स्कूल में नाबालिग से अश्लील हरकत का आरोप, बयान बदलते ही मचा हड़कंप
हल्द्वानी।शहर के एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान से जुड़ा मामला सामने आते ही शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र स्थित एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा आठ की नाबालिग छात्रा ने अपने ही स्कूल के कक्षा नौ में अध्ययनरत एक छात्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए अश्लील हरकत करने का दावा किया, जिससे पूरे विद्यालय परिसर में सनसनी फैल गई।
मामला उस वक्त और उलझ गया जब शिकायत को लेकर स्वजन छात्रा को लेकर कोतवाली पहुंचे। स्वजनों का आरोप है कि विद्यालय में पढ़ने वाले नाबालिग छात्र ने उनकी बेटी के साथ अनुचित व्यवहार किया, जिससे बच्ची मानसिक रूप से आहत है। स्वजनों ने आरोपी छात्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
हालांकि, कोतवाली पहुंचने के बाद जब पुलिस ने नाबालिग छात्रा से पूछताछ की, तो उसने पुलिस के समक्ष लगाए गए आरोपों से इनकार कर दिया। छात्रा के इस बयान के बाद मामला और अधिक संवेदनशील व पेचीदा हो गया।
इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद छात्रा के स्वजन अपने आरोपों पर अड़े रहे और उन्होंने स्पष्ट किया कि वे मामले को यूं ही दबने नहीं देंगे। उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही और समय रहते कार्रवाई न होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को गंभीरता से देखा जा रहा है।
घटना के बाद से विद्यालय में भी तनाव का माहौल बना हुआ है। अभिभावकों में नाराजगी है और वे स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
