कपकोट के पौंसारी गांव में बादल फटने से तबाही, दो शव बरामद, तीन लोग लापता
बागेश्वर। जनपद बागेश्वर के कपकोट विकासखंड के ग्राम पौंसारी (खाई जर तोक) में गुरुवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। तेज बारिश और मलबे से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए, खेत और सड़कें बह गईं तथा पुलिया टूटकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
इस आपदा में दो परिवार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
-
पहले परिवार में रमेश चंद्र जोशी (लापता), उनकी पत्नी बसंती देवी (शव बरामद), बेटा गिरीश (लापता) और बेटा पवन (सुरक्षित) शामिल हैं।
-
दूसरे परिवार में पूरण जोशी (लापता) और उनकी मां बचुली देवी (शव बरामद) प्रभावित हुए हैं।

अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन लोगों की तलाश जारी है। वहीं एक घायल को ग्रामीणों ने बचाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
बैसानी क्षेत्र में भी भूस्खलन से नुकसान हुआ है, जिसमें 13 बकरियों और अन्य पशुओं की मौत की सूचना है। खेतों को भी भारी क्षति पहुँची है।
आपदा की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशीष भटगांई स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट कर दिया है। पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई की टीमें मार्ग खोलने तथा वैकल्पिक रास्तों को चिन्हित करने में लगी हुई हैं।
जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए कहा कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
