Spread the love

हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: खेल-खेल में रस्सी का फंदा बना काल, छठी की छात्रा की मौत से मातम

हल्द्वानी में नए साल की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। टीपीनगर चौकी क्षेत्र में घर के भीतर खेलते समय रस्सी का फंदा गले में फंसने से छठी कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा की जान चली गई।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है। टीपीनगर निवासी एक बैंककर्मी की बेटी समृद्धि घर के अंदर टंगी रस्सी से खेल रही थी। बताया जा रहा है कि छात्रा सोफे पर खड़े होकर रस्सी के सहारे उछल-कूद कर रही थी। इसी दौरान खेल-खेल में अचानक उसका गला रस्सी में फंस गया।

कुछ ही पलों में रस्सी कसने से छात्रा बेहोश होकर नीचे गिर पड़ी। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक स्थिति गंभीर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मां ने तत्काल छात्रा के गले से रस्सी हटाई और उसे सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस बोली – पोस्टमार्टम से इनकार
एसएचओ हल्द्वानी विजय सिंह मेहता ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। परिवार की ओर से दी गई जानकारी और शिकायत के आधार पर ही मामले की जांच की जाएगी। छात्रा हल्द्वानी के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ती थी।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। पड़ोसियों और स्कूल से जुड़े लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।


Spread the love