हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार थार की चपेट में आए व्यक्ति की मौके पर मौत
हल्द्वानी। शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शनिवार सुबह टीपी नगर चौराहा क्षेत्र में तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के सत्यलोक कॉलोनी, डहरिया निवासी 55 वर्षीय जीवन पंत रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। करीब सुबह छह बजे जब वे टीपी नगर चौराहा के पास सड़क किनारे खड़े थे, तभी उत्तर प्रदेश नंबर की थार गाड़ी ने अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि जीवन पंत सड़क पर कई मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल उन्हें सुशीला तिवारी सरकारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल थार वाहन उत्तर प्रदेश पंजीकरण संख्या वाली है, जिसे कब्जे में लेने की कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
मृतक जीवन पंत स्थानीय स्तर पर एक शांत स्वभाव और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनकी अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुबह-शाम नियमित गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में टीपी नगर से डहरिया मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन बढ़ा है, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हैं। नागरिकों का कहना है कि सड़क पर न तो पर्याप्त स्पीड ब्रेकर हैं और न ही चेतावनी संकेतक बोर्ड, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
