सोमेश्वर में बारातियों की कार खाई में गिरी
Spread the love

सोमेश्वर (अल्मोड़ा) में दर्दनाक सड़क हादसा: बारातियों की कार खाई में गिरी, 11 माह के मासूम समेत तीन की मौत

अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में 11 माह के मासूम सहित तीन लोगों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब दिल्ली से आई बारात लौट रही थी।

पुलिस के अनुसार, ताकुला ब्लॉक के झिझाड़ गांव निवासी हरीश राम की पुत्री का विवाह समारोह बुधवार को संपन्न हुआ था। बारात दिल्ली के उत्तम नगर से आई थी। बारात में दो बसें और चार कारें शामिल थीं। दूल्हा पक्ष के लोग मूल रूप से अल्मोड़ा के ईसलना गांव के निवासी हैं और वर्तमान में दिल्ली में रह रहे हैं।

विवाह समारोह के बाद गुरुवार को बारात दिल्ली के लिए रवाना हुई। इसी दौरान बसौली से लगभग दो किलोमीटर आगे चुराड़ी बैंड के पास दिल्ली नंबर की एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही सोमेश्वर थाना पुलिस, स्थानीय लोग और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने 44 वर्षीय मंजू देवी पत्नी गोपाल राम (निवासी कांडे, ताकुला), 50 वर्षीय दिनेश राम पुत्र तिल राम (निवासी झिझाड़, ताकुला) और 11 माह के मासूम रिहान को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में मासूम रिहान के माता-पिता भी घायल हुए हैं। घायल जया (23 वर्ष) और उनके पति महेश निवासी थपलिया का उपचार चल रहा है। इसके अलावा वाहन चालक गोपाल राम (निवासी कांडे), संजय और अर्जुन (निवासी फतेहपुर बेरी, साउथ दिल्ली) भी घायल बताए जा रहे हैं।


Spread the love