Spread the love

रामगढ़ ब्लॉक: भियालगांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

रामगढ़ ब्लॉक के भियालगांव में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, उनके विचारों, सामाजिक न्याय, समानता एवं दलितों-वंचितों के अधिकारों के लिए उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान निर्माण में बाबा साहेब की भूमिका देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक स्वरूप देने में निर्णायक रही है। समाज में समानता और न्याय की स्थापना के लिए उनके प्रयास हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेंगे।

महापरिनिर्वाण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य तुलसी देवी, पूर्व सरपंच भूपेंद्र प्रसाद, समाज कार्यकर्ता जगदीश चन्द्र (जीतू), निकिता आर्या, नन्द किशोर, तरुण, आशीष, शिवा कुमार सहित कई क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और उन्हें सदैव याद करने की बात कही।


Spread the love