मृत युवक के सामान पर हाथ साफ
Spread the love

इंसानियत शर्मसार: हादसे में मृत युवक के सामान पर हाथ साफ, दो शातिर दबोचे

हल्द्वानी में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक के वाहन से मोबाइल और सोने की अंगूठी चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 को बरेली रोड, हल्द्वानी निवासी गोपाल सिंह बिष्ट ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 फरवरी 2026 को उनके पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस दौरान अज्ञात लोगों ने मौके का फायदा उठाते हुए मृतक के वाहन से उसका मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी चोरी कर ली। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 73/26 के तहत धारा 305(B) BNS में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। जिसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान की। साथ ही मुखबिर की सूचना के आधार पर 5 मार्च 2026 को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद उवेश उर्फ मुन्ना (26 वर्ष) पुत्र साहिद मलिक निवासी गौजाजाली, थाना बनभूलपुरा और मोहम्मद सैफ अली (29 वर्ष) पुत्र खुर्शीद अहमद निवासी इंद्रानगर, थाना बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से विवो कंपनी का एक मोबाइल फोन और एक सोने की अंगूठी बरामद की है, जो मृतक के वाहन से चोरी की गई थी।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 315 और 3(5) BNS की भी बढ़ोतरी कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।


Spread the love