Spread the love

बिजली चोरी और स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ का मामला, यूपीसीएल ने अधिशासी अभियंता और जेई निलंबित किए

देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) में बिजली चोरी और स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में कार्रवाई की गई है। मुख्यालय ने अधिशासी अभियंता और जेई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

दो दिन पहले गुरुकुल नारसन स्थित यूपीसीएल के बिजलीघर के बाहर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि वासू स्टील फैक्ट्री के स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी की जा रही थी। मापक टीम की जांच में इसकी पुष्टि हुई। टीम ने मीटर को सील कर आगे की जांच के लिए भेज दिया।

इस मामले में उपनल के कर्मचारी अकरम अली समेत पाँच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनमें फैक्ट्री के दो कर्मचारी भी शामिल हैं।

निदेशक (परिचालन) एम.आर. आर्य ने विद्युत वितरण खंड रुड़की के प्रभारी अधिशासी अभियंता गुलशन बुलानी को निलंबित कर मुख्य अभियंता (वितरण) रुद्रपुर क्षेत्र से संबद्ध कर दिया है। उनकी जगह सहायक अभियंता हरिद्वार अमित तोमर को अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह एसडीओ मंगलौर के जेई अनुभव सैनी को भी निलंबित कर मुख्य अभियंता वितरण कुमाऊं क्षेत्र हल्द्वानी से संबद्ध किया गया है। उनकी जगह एसडीओ झबरेड़ा मोहम्मद रिजवान को अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए यूपीसीएल प्रबंधन ने मुख्य अभियंता गढ़वाल की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें एक अधीक्षण अभियंता और एक डिप्टी सीएफओ को शामिल किया गया है। समिति अपनी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने कहा –“हमने अधिशासी अभियंता स्तर तक के अधिकारियों को निलंबित किया है और जांच बिठा दी है। पूरी एनर्जी अकाउंटिंग कराई जाएगी। जहां कहीं भी गड़बड़ी पकड़ी जाएगी, वहां सीधे सख्त कार्रवाई होगी। किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”


Spread the love