Spread the love

हल्द्वानी: अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा, नगर निगम की जेसीबी पर पथराव

हल्द्वानी के हीरानगर क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या 17 में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई उस समय विवाद में बदल गई, जब कुछ लोगों ने नगर निगम की जेसीबी मशीन पर पथराव कर दिया। यह कार्रवाई राजस्व विभाग की भूमि पर प्रस्तावित सार्वजनिक शौचालय के निर्माण को लेकर की जा रही थी।

नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम जैसे ही मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू करने लगी, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और जेसीबी मशीन पर पत्थर फेंके जाने लगे। इस दौरान मशीन का शीशा टूट गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

घटना के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है। नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि राजस्व विभाग की है और वहां प्रस्तावित निर्माण कार्य पूरी तरह नियमों के तहत किया जा रहा है। किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


Spread the love