कंदला में राजस्व टीम पर धक्का-मुक्की
Spread the love

जमीन विवाद में हंगामा: कंदला में राजस्व टीम पर धक्का-मुक्की, फाइलें फाड़ी गईं—प्रशासन सख्त

रामनगर क्षेत्र के थारी (ग्राम कंदला) में राजस्व विभाग की टीम के साथ अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और सरकारी दस्तावेज फाड़े जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब महिला पटवारी पूनम और कानूनगो हरीश यादव एक भूमि विवाद के सिलसिले में सरकारी ड्यूटी के तहत नापजोख करने पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार ग्राम कंदला निवासी आशा रावत की भूमि को लेकर काफी समय से कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद की जांच के लिए राजस्व टीम धारा 41 एनआर एक्ट के तहत जमीन की नापजोख कर रही थी।

इसी दौरान वह परिवार, जिस पर भूमि पर जबरन कब्जा करने का आरोप है, मौके पर पहुंचा और नापजोख रोकने के उद्देश्य से हंगामा शुरू कर दिया।

राजस्व टीम का आरोप है कि परिवार के सदस्यों ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि महिला पटवारी के हाथ से सरकारी फाइल और महत्वपूर्ण दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए। स्थिति बिगड़ने पर टीम के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दी गई।  सरकारी कार्य में अवरोध उत्पन्न होने के चलते नापजोख की प्रक्रिया अधूरी ही छोड़नी पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी सतर्क हो गए। उपजिलाधिकारी (SDM) रामनगर प्रमोद कुमार ने बताया कि—

“राजस्व निरीक्षक और महिला पटवारी के साथ अभद्रता की गई है तथा सरकारी दस्तावेज फाड़े गए हैं। यह अत्यंत गंभीर अपराध है। मामले की जानकारी तुरंत रामनगर थाने को दे दी गई है।”

SDM ने निर्देश जारी किए कि पटवारी व कानूनगो तत्काल तहरीर देकर आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि—

“सरकारी कार्य में बाधा डालना, सरकारी कागजात नष्ट करना और राजस्व कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करना दंडनीय अपराध है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

घटना से राजस्व विभाग के कर्मचारियों में गहरा रोष है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ते ऐसे मामलों से उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कर्मचारियों का यह भी कहना है कि प्रशासन को ऐसी घटनाओं पर त्वरित और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि सरकारी टीम सुरक्षित माहौल में अपना काम कर सके।


Spread the love