उत्तराखंड चौखुटिया: पूर्व फौजी भुवन सिंह की भूख हड़ताल, यूकेडी नेताओं की रिहाई की मांग
उत्तराखंड के चौखुटिया में एक बार फिर पूर्व फौजी भुवन सिंह कठायत ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। इससे पहले, उन्होंने मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल की बर्खास्तगी की मांग को लेकर गैरसैंण के रामलीला मैदान में 7 दिनों तक भूख हड़ताल की थी।
अब, भुवन सिंह ने चौखुटिया के गोदी क्षेत्र में यूकेडी के नेताओं आशुतोष नेगी और आशीष नेगी की रिहाई की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू की है। इस भूख हड़ताल को शुरू करने से पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर कहा कि हाल ही में देहरादून पुलिस ने यूकेडी नेताओं को अनैतिक तरीके से गंभीर धाराओं में गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया। उनका आरोप है कि यह गिरफ्तारी केवल इसलिए की गई क्योंकि ये नेता लगातार पर्वतीय समाज के लिए न्याय की आवाज उठा रहे थे।
आपको बता दें कि देहरादून पुलिस ने यूकेडी नेताओं के खिलाफ रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इस गिरफ्तारी के बाद से उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ता लगातार इसका विरोध कर रहे हैं और इसे एक षड्यंत्र मानते हुए आरोप लगा रहे हैं। इसके अलावा, यूकेडी ने आगामी 8 अप्रैल को देहरादून में न्याय रैली आयोजित करने का आह्वान भी किया है।
