उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी निकालेगी “परिवर्तन जन संवाद यात्रा”, अल्मोड़ा से होगी शुरुआत
अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की आज अल्मोड़ा में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में राज्य की वर्तमान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में प्रदेशभर में “परिवर्तन जन संवाद यात्रा” प्रारंभ करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने राज्य में लगातार बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, पलायन और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है और युवाओं का भविष्य असुरक्षित होता जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर विशेष बल देते हुए कहा गया कि भविष्य में अंकिता भंडारी जैसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी नीतियां बनाई जानी चाहिए।
पार्टी ने निर्णय लिया कि जिले में “परिवर्तन संवाद” कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत जनसंवाद, गोष्ठियों और जनसंपर्क बैठकों के माध्यम से आम नागरिकों तक पहुंच बनाई जाएगी। इन कार्यक्रमों में जनता की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को प्रत्यक्ष रूप से सुना जाएगा तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी। पार्टी का उद्देश्य जनसरोकारों को प्राथमिकता देते हुए लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत करना है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि “परिवर्तन जन संवाद यात्रा” की शुरुआत शीघ्र ही अल्मोड़ा जिले से की जाएगी। इस अभियान के माध्यम से पार्टी राज्य की सभी जनपक्षीय और सकारात्मक शक्तियों को एकजुट कर एक सशक्त राजनीतिक विकल्प तैयार करने की दिशा में कार्य करेगी।
पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड राज्य की मूल अवधारणा को साकार करने के लिए बीते 25 वर्षों में प्रदेश को दुर्दशा की ओर ले जाने वाली अवसरवादी शक्तियों को परास्त करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और रोजगार पर स्थानीय जनता के अधिकार सुनिश्चित करना तथा हर प्रकार के भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक समानता व न्याय स्थापित करना समय की मांग है। इसके लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष तेज करना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने हमेशा जनपक्षीय मुद्दों पर अग्रणी भूमिका निभाई है और कभी भी जनविरोधी ताकतों से समझौता नहीं किया।
बैठक में पार्टी के महासचिव एडवोकेट नारायण राम, मो. शाकिब, एडवोकेट जीवन चंद्र, एडवोकेट भारती, किरण, एडवोकेट गोपाल, एडवोकेट वंदना कोहली, भारती पांडे, राजू गिरी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
