Spread the love

उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती पर जिले में 1 से 9 नवंबर तक होंगे विविध कार्यक्रम

भीमताल। उत्तराखंड राज्य की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ को रजत जयंती समारोह के रूप में भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर में 1 नवंबर से 9 नवंबर तक विभिन्न जनहित एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

शनिवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार, भीमताल में बैठक आयोजित की गई, जिसमें रजत जयंती समारोह के कार्यक्रमों का निर्धारण करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि रजत जयंती समारोह को भव्यता और गरिमा के साथ पूरे जिले में मनाया जाएगा। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत पालन करें और कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं।

रजत जयंती समारोह के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रम

1 से 3 नवंबर — पक्षी दर्शन एवं प्रशिक्षण

नैनीताल के पंगोट में पक्षी दर्शन (बर्ड वॉचिंग) एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग को दी गई है। जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

2 नवंबर — ट्रैकिंग कार्यक्रम

नैनीताल के बिलड़ा से कैंची धाम तक एक विशेष ट्रैकिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को पर्यटन और साहसिक गतिविधियों से जोड़ना है।

3 नवंबर — जल एवं पर्यावरण संरक्षण

इस दिन भीमताल झील में वाटर साइक्लिंग प्रतियोगिता के साथ-साथ शिप्रा नदी स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके लिए पर्यटन एवं जलागम विभाग को जिम्मेदारी दी गई है।

4 नवंबर — खेल एवं स्वच्छता सप्ताह

खेल एवं स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस कार्य का दायित्व मुख्य शिक्षा अधिकारी, युवा कल्याण अधिकारी और जिला विकास अधिकारी को सौंपा गया है।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी जल स्रोतों और पेयजल टैंकों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस कार्य के नोडल अधिकारी जिला विकास अधिकारी होंगे, जबकि सह-नोडल अधिकारी के रूप में जिला पंचायतराज अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी (जिला पंचायत), पेयजल विभाग और नगर निकाय अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है।

5 से 7 नवंबर — खगोल विज्ञान (एस्ट्रो इवेंट)

इन तिथियों में खगोल विज्ञान से संबंधित एस्ट्रो इवेंट आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए जिला पर्यटन विकास अधिकारी को दायित्व सौंपा गया है।

6 नवंबर — व्यापार, पोषण और प्रतियोगिताएं

इस दिन कृषि विभाग द्वारा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु बायर-सेलर मीट आयोजित की जाएगी, जिससे कारीगरों और उत्पादकों को ऑनलाइन बाजार उपलब्ध कराया जा सके।
साथ ही बाल विकास विभाग द्वारा पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता, तथा विद्यालयों एवं कॉलेजों में वाद-विवाद, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनका विषय “उत्तराखंड का रोडमैप” रहेगा।

7 नवंबर — कृषक एवं भूतपूर्व सैनिक समारोह

एम.पी. इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में कृषक एवं भूतपूर्व सैनिक समारोह आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की जिम्मेदारी जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को दी गई है।

8 नवंबर — सांस्कृतिक संध्या और फूड कैंपेन

नैनीताल के फ्लैट मैदान में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और फूड कैंपेन भी लगाए जाएंगे।

9 नवंबर — राज्य स्थापना दिवस समारोह

राज्य स्थापना दिवस पर 9 नवंबर को भी फ्लैट मैदान, नैनीताल में सांस्कृतिक संध्या, प्रदर्शनी और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जो रजत जयंती समारोह का मुख्य आकर्षण रहेंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love