Spread the love

6 साल से सड़क का इंतजार, जनता में बढ़ा आक्रोश; मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन

अल्मोड़ा। जिले के कनारीछीना और नौगांव क्षेत्र में सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रीय जनता और रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर नौगांव–कनारीछीना लिंक सड़क और कनारीछीना–बिनूक पतलचौरा सड़क मार्ग के लिए जल्द बजट स्वीकृत करने की मांग की है। यह ज्ञापन जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले छह वर्षों से इन दोनों सड़कों के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस जमीनी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है।

बताया गया कि कनारीछीना–बिनूक पतलचौरा सड़क मार्ग में कम्पार्टमेंट नंबर 16 की करीब 7.5 हेक्टेयर वन भूमि आ रही है। बागेश्वर वन विभाग ने इस भूमि में पेड़ों और जमीन का सत्यापन कर फाइल लोक निर्माण विभाग (PWD) को भेज दी है। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई प्रगति नहीं हो सकी है।

वहीं कनारीछीना–नौगांव लिंक सड़क के दूसरे चरण के कार्य के लिए भी पिछले छह वर्षों से बजट स्वीकृत नहीं हुआ, जिसके कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।

सड़क न होने के कारण पतलचौरा से कनारीछीना बाजार तक बीमार और गर्भवती महिलाओं को ढाई से तीन किलोमीटर तक पैदल या जोखिम उठाकर ले जाना पड़ता है। वहीं बरसात के मौसम में नौगांव इंटर कॉलेज आने-जाने वाले छात्रों को भी खस्ताहाल रास्ते के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्रीय जनता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि दोनों सड़क मार्गों के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने के लिए बजट स्वीकृत किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से झेलनी पड़ रही समस्याओं से राहत मिल सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।


Spread the love