Spread the love

लालकुआं से प्रयागराज के लिए साप्ताहिक रेल सेवा शुरू

सांसद अजय भट्ट और विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने दिखाई हरी झंडी, तीर्थ और पर्यटन यात्रियों को मिलेगी सुविधा

लालकुआं, 20 जून 2025  –लालकुआं से प्रयागराज के लिए बहुप्रतीक्षित साप्ताहिक रेल सेवा का शुभारंभ शुक्रवार को हो गया। केंद्रीय राज्य मंत्री रहे और वर्तमान सांसद अजय भट्ट एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से लालकुआं रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनता भी उपस्थित रही।

यह ट्रेन हर शुक्रवार को अपराह्न 2:50 बजे लालकुआं से प्रयागराज के लिए रवाना होगी, जबकि वापसी में यह हर गुरुवार को सुबह 11:30 बजे प्रयागराज से लालकुआं पहुंचेगी। यह ट्रेन बरेली, कासगंज, फर्रुखाबाद और कानपुर होते हुए प्रयागराज तक की दूरी तय करेगी।

सांसद अजय भट्ट ने जानकारी दी कि यह रेल सेवा “ऑन डिमांड” आधारित है। यदि यात्रियों की संख्या संतोषजनक रही तो भविष्य में इसे स्थायी रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन के संचालन से उत्तराखंड से प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, साथ ही प्रयागराज और उत्तर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को कुमाऊं के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण और आधुनिकीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में यहां से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिसमें वंदे भारत जैसी सुपरफास्ट ट्रेनें भी शामिल होंगी। साथ ही लालकुआं से झांसी और कामाख्या देवी के लिए भी रेल सेवाओं की योजना पर कार्य हो रहा है।

इस शुभ अवसर पर सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।


Spread the love