Spread the love

रामनगर : टीवी का तार लगाते समय करंट की चपेट में आई महिला, मौत

रामनगर। भवानीपुर खुल्बे क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। टीवी का तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से 34 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, मृतका लक्ष्मी रावत (34) पत्नी गोविंद रावत, अपने पति और दो बच्चों के साथ भवानीपुर खुल्बे में रहती थी। सोमवार को लक्ष्मी अपने पति के साथ खेत में काम कर रही थी। इस दौरान उनके दोनों बच्चे वीरू (11) और रोहित (9) छुट्टी होने के कारण घर पर ही थे। बच्चों ने मां से टीवी चलाने की जिद की, जिस पर वह खेत से घर लौट आई।

घर पहुंचकर जैसे ही लक्ष्मी ने टीवी का तार स्विच में लगाने की कोशिश की, वह अचानक करंट की चपेट में आ गई। हादसे में वह बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।

घटना की सूचना बच्चों ने तुरंत पिता को दी। आनन-फानन में पति लक्ष्मी को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के बाद से मृतका के पति और दोनों बच्चे रो-रोकर बेहाल हैं।


Spread the love