दुग्ध समितियों की शुरुआत
Spread the love

महिला दुग्ध समितियों की शुरुआत, ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

लालकुआँ। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक अंतर्गत ग्वालाकोट और ओखलकांडा ब्लॉक की साल ग्राम सभा में महिला दुग्ध समितियों का शुभारंभ किया गया।

इन समितियों का विधिवत उद्घाटन संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर महिला दुग्ध समिति की सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीण महिलाओं ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि महिला दुग्ध समितियां ग्रामीण महिलाओं के लिए नियमित आय का सशक्त माध्यम बनेंगी। दुग्ध उत्पादन से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, उचित मूल्य और सुदृढ़ विपणन व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि महिला सहभागिता बढ़ने से दुग्ध सहकारी व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। महिला दुग्ध समितियों के शुभारंभ के साथ ही पहले दिन 54 लीटर दूध का संग्रह किया गया, जिससे महिलाओं में उत्साह और भरोसा देखने को मिला।

कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने दुग्ध सहकारिता को ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि महिला दुग्ध समितियों से स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और महिलाओं की आय को स्थायित्व मिलेगा।

समापन अवसर पर सभी ने गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, पारदर्शी संग्रह व्यवस्था और बेहतर विपणन के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, समाजसेवी और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक महिलाएं उपस्थित रहीं।


Spread the love