मालधन में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर महिला एकता मंच का अल्टीमेटम, 18 अगस्त को मालधन बंद की चेतावनी
मालधन। महिला एकता मंच ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मालधन की खराब स्थिति को लेकर गंभीर नाराज़गी जताते हुए 17 अगस्त तक ठोस समाधान न मिलने पर 18 अगस्त (सोमवार) को बाजार, शिक्षण संस्थान और बैंक बंद कर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

महिला एकता मंच ने सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक के माध्यम से स्वास्थ्य महानिदेशक, उत्तराखंड को ज्ञापन भेजकर फिज़ीशियन डॉ. प्रशांत कौशिक और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना कौशिक के ट्रांसफर रद्द करने की मांग की है। साथ ही अस्पताल में मानकों के अनुसार चिकित्सकों की नियुक्ति और एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, रेडियोलॉजिस्ट, प्रसव, निश्चेतक व इमरजेंसी जैसी मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
बंद की तैयारी के लिए 12 अगस्त को मालधन चौड़ नंबर 2 पंचायत घर में एक वृहद बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें रणनीति तय की जाएगी। मंच ने मालधन की जनता और जनप्रतिनिधियों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
विनीता टम्टा ने कहा कि मालधन क्षेत्र की 40 हजार से अधिक आबादी के लिए यह एकमात्र सीएचसी है, जिसकी हालत बद से बदतर है। देवी आर्य ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधाएं देने के बजाय “कुंभकरणी नींद” सो रही है, यही कारण है कि महिला शक्ति को मजबूर होकर बंद का निर्णय लेना पड़ा।
ज्ञापन प्रेषण कार्यक्रम में भगवती आर्य, विनीता टम्टा, देवी आर्य, रजनी, पुष्पा आर्य और लीला देवी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।
