नैनीताल में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक अपनी महिला मित्र के साथ घूमने आया था और शहर के एक होटल में ठहरा हुआ था। देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटद्वार निवासी सुमित सिंह अपनी महिला मित्र के साथ कुछ दिन पहले घूमने के लिए नैनीताल पहुंचे थे। दोनों शहर के एक होटल में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि देर रात अचानक सुमित की तबीयत खराब हो गई।
होटल कर्मचारियों की मदद से युवक को तुरंत बीडी पांडे जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने युवक और उसकी महिला मित्र के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।
परिजनों के अनुसार दोनों कुछ दिन पहले ही नैनीताल घूमने आए थे। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन नैनीताल पहुंच गए।
पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन कारणों से हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
