Spread the love

शादी का वादा कर युवती से धोखा, अब दूसरी शादी की तैयारी पर भड़की पत्नी, युवक के घर पर दिया धरना

कालाढूंगी। दीपावली के उत्सव के बीच कालाढूंगी क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने स्थानीय युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और अब दूसरी शादी रचाने की तैयारी करने का गंभीर आरोप लगाया है।

युवती का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले कालाढूंगी निवासी इरशाद नामक युवक ने उसे धोखे में रखकर पहले मस्जिद में निकाह किया और बाद में कोर्ट मैरिज भी की। शादी के बाद वह गुपचुप तरीके से उसका शारीरिक शोषण करता रहा, लेकिन उसे अपने घर नहीं ले गया।

युवती के अनुसार, अब युवक किसी अन्य लड़की से शादी करने जा रहा है, जो कि कानूनन अपराध है। इस बात से आहत युवती रविवार को युवक के घर पहुंच गई और अपने अधिकार की मांग करते हुए घर के बाहर ही धरने पर बैठ गई।

धरना प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही युवक और उसके परिजन घर से फरार हो गए। युवती वहीं डटी रही और बोली कि उसे न्याय चाहिए, जब तक उसे इंसाफ नहीं मिलेगा वह वहां से नहीं हिलेगी।

युवती ने बताया कि इससे पहले 13 सितंबर 2025 को दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हुआ था, जिसमें यह तय हुआ था कि एक महीने के भीतर युवक उसे अपने घर ले जाएगा। लेकिन एक माह बीतने के बाद भी युवक ने वादा नहीं निभाया, उल्टा अब उसे धमकियां देने लगा है जिससे उसकी जान को खतरा है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली में बुलाया।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love