Spread the love

कपकोट ब्लॉक में आयोजित युवा महोत्सव में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, पारंपरिक और आधुनिक संस्कृति का रहा संगम

राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में युवा शक्ति को मिला सशक्त मंच — प्रदेश सरकार दे रही नए अवसर

संवाददाता सीमा खेतवाल

कपकोट। आज ब्लॉक परिसर कपकोट में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

इस मौके पर अतिथि ने कहा कि यह बड़े ही हर्ष और गर्व का विषय है कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस प्रकार के महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सीखने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोक नृत्यों और गीतों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा, सभ्यता और संस्कृति का सुंदर प्रदर्शन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में यह आयोजन हमारी संस्कृति और आधुनिकता का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है।

कार्यक्रम में युवाओं को उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान युवा मंगल दलों और महिला मंगल दलों को खेल किट और अन्य उपकरण भी प्रदान किए गए, ताकि वे खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी भागीदारी और सशक्त बना सकें।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कपकोट श्रीमती भावना शाही, खंड विकास अधिकारी श्री लोहनी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्री मनोहर राम, कनिष्ठ प्रमुख श्री विक्रम खाती, युवा कल्याण अधिकारी श्री रविंद्र कोहली, श्री सुरेश राठौर, प्रो. मुन्ना जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Spread the love