Spread the love

हल्द्वानी की होनहार बेटियां: आडर्न स्कूल की छात्राओं ने रिजल्ट में मचाया धमाका

हल्द्वानी – सीबीएसई कक्षा 12वीं का परिणाम आते ही शहर के कई छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। इसी कड़ी में आडर्न पब्लिक स्कूल की छात्रा आस्था पंत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल टॉप किया और एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।

आस्था के इस प्रदर्शन से न केवल विद्यालय का नाम रोशन हुआ है, बल्कि उनके माता-पिता, शिक्षक और सहपाठी भी अत्यंत गर्वित हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आस्था संभवतः जिले की टॉपर भी हैं, हालांकि इस संबंध में सीबीएसई की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

विद्यालय की अन्य होनहार छात्राओं ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

  • इशिता कन्याल ने 99.3%

  • मानस पलड़िया ने 97%

  • सुजल पांडेय ने 95.6%

  • आकांक्षा पांडे ने 95.4% अंक प्राप्त कर विद्यालय की सफलता में योगदान दिया है।

आडर्न पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक और मुख्य ट्रस्टी भुवन चंद्र उपाध्याय ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय के 15 से अधिक छात्रों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, जो विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत और उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण का परिणाम है।

आस्था पंत के पिता सुनील कुमार पंत ग्राम विकास अधिकारी संगठन के महामंत्री हैं और वर्तमान में हल्द्वानी में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पुत्री की यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गौरव का विषय बनी हुई है। विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ ने आस्था और अन्य मेधावी विद्यार्थियों की इस सफलता को पूरे विद्यालय समुदाय की मेहनत और समर्पण का नतीजा बताया है।


Spread the love

You missed