पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भागीदारी: बागेश्वर नगर पालिका की नई पहल
संवाददाता सीमा खेतवाल
आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत नगर पालिका परिषद बागेश्वर द्वारा ‘Women for Trees’ अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से वृक्षारोपण को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण को सुनिश्चित करना है।
अभियान की औपचारिक शुरुआत अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद बागेश्वर द्वारा की गई। इसके अंतर्गत चंडिका पार्क तथा जजी पार्क का भ्रमण स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को कराया गया।
इस अवसर पर चंडिका वार्ड की ब्रह्मा स्वयं सहायता समूह, मंदिर वार्ड की नमो नमो स्वयं सहायता समूह, तथा हरुनाथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 30 महिलाओं की उपस्थिति रही।
अभियान के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी DAY-NULM और अमृत मिशन की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से निभाई जा रही है। कार्यक्रम में DAY-NULM की सिटी मिशन मैनेजर उर्मिला बिष्ट, सामुदायिक संगठनकर्ता गणेश शाही तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस पहल के माध्यम से नगर पालिका परिषद न केवल पर्यावरण संतुलन की दिशा में कार्य कर रही है, बल्कि महिलाओं को समाज के जागरूक और सक्रिय नागरिक के रूप में प्रोत्साहित भी कर रही है।

