सरकारी विज्ञापन
Sat. Oct 10th, 2026
Spread the love

माँ के नाम एक पौधा: हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन का भावनात्मक संकल्प

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई पर्यावरणीय पहल “एक पौधा माँ के नाम” को अब स्थानीय स्तर पर भी समर्थन मिलने लगा है। इसी क्रम में हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन ने इस अभिनव अभियान को आगे बढ़ाने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया है। एसोसिएशन की बैठक में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक अधिवक्ता अपनी माँ अथवा मातृतुल्य महिला के सम्मान में एक पौधा लगाएगा, और उसकी देखभाल की पूरी जिम्मेदारी स्वयं निभाएगा।

बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट एन. के. जोशी ने की। इस दौरान सचिव हिमांशु कोठारी, उपाध्यक्ष अब्दुल कलाम, कोषाध्यक्ष दिनेश चंदौला, सह कोषाध्यक्ष पवन प्रीत सेठी, पूर्व अध्यक्ष संजय पांडेय, सुमित गुप्ता, दिनेश पांडे, आई. पी. सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता विनय टंडन, और मीडिया प्रभारी सुनील पाठक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

सभी अधिवक्ताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे न केवल मातृभक्ति की अभिव्यक्ति, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायी कदम बताया। यह प्रस्ताव भी पारित किया गया कि भविष्य में बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रत्येक प्रमुख कार्यक्रम में पौधारोपण को एक अनिवार्य गतिविधि के रूप में सम्मिलित किया जाएगा।

एसोसिएशन ने नागरिकों व अधिवक्ताओं से भी अपील की है कि वे इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें और “एक पौधा माँ के नाम” लगाकर न केवल अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करें, बल्कि पर्यावरण की रक्षा में भी अपना अमूल्य योगदान दें।


Spread the love