Spread the love

हल्द्वानी: महिला डॉक्टर से सरेराह छेड़खानी, पुलिस जांच में जुटी

हल्द्वानी: हल्द्वानी में एक महिला डॉक्टर के साथ सरेराह छेड़खानी का मामला सामने आया है। बीती रात क्लिनिक से घर लौट रही महिला डॉक्टर को बाइक सवार दो मनचलों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले छेड़छाड़ की, और जब डॉक्टर ने विरोध किया तो अश्लील टिप्पणियां करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में महिला डॉक्टर ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे वह नैनीताल रोड स्थित अपने क्लिनिक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया और लगातार छेड़छाड़ करते रहे। जब डॉक्टर ने इसका कड़ा विरोध किया, तो दोनों युवक उन्हें अश्लील गालियां देते हुए मौके से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। महिला डॉक्टर ने बाद में कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, घटना स्थल तिकोनिया क्षेत्र में कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी फुटेज खंगाली जा रही है।

कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि उन्हें इस संबंध में तहरीर मिल गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Spread the love