Spread the love

❗ गेठिया हिल स्टेशन पर साजिश का शक: पति ने पत्नी और उसके दोस्त पर जानलेवा हमले का लगाया आरोप

नैनीताल। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गेठिया में सैर पर आए एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके कथित दोस्त पर जानलेवा हमले की सनसनीखेज शिकायत दर्ज कराई है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश की अदालत ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तल्लीताल थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने और 24 घंटे के भीतर इसकी रिपोर्ट अदालत में पेश करने के निर्देश दिए हैं।

मूल रूप से मथुरा नगर, गंगागंज, पनकी (कानपुर) निवासी सौरभ राठौर ने अपने अधिवक्ता अंशुल लोशाली के माध्यम से कोर्ट में पत्रावली पेश की। सौरभ ने बताया कि 22 मई 2024 को वह अपनी पत्नी, बहन और अन्य परिजनों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। सभी लोग गेठिया के एक होटल में ठहरे थे।

सौरभ के मुताबिक, रात को जब वे होटल के कमरे में थे, तो पत्नी उनके लिए खाना लाई। सौरभ और उनकी बहन दूसरे कमरे में चले गए। अगले दिन जब सौरभ को होश आया, तो वे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती पाए गए। उनके दाएं हाथ की कलाई गहरे कटाव से घायल थी।

पूछताछ करने पर एक गौरव नामक युवक ने गिरकर घायल होने की बात कही। गौरव सौरभ की पत्नी का पुराना दोस्त बताया जा रहा है। सौरभ ने शक जताया कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश थी।

सौरभ ने आरोप लगाया कि गौरव की उनकी पत्नी के साथ नजदीकियां थीं, और उनके बीच अश्लील चैटिंग भी होती थी। आरोप के अनुसार, दोनों ने मिलकर गेठिया में सौरभ की हत्या की योजना बनाई थी। उन्होंने दावा किया कि घटना वाली रात गौरव होटल के कमरे में मौजूद था, और उनकी पत्नी ने घटना के बारे में बहनों को भ्रमित करने की कोशिश की।

सौरभ का कहना है कि उन्होंने इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल को भी लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नहीं की। अंततः उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सौरभ राठौर के आवेदन को स्वीकार करते हुए तल्लीताल थाना पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज करने और जांच शुरू करने के आदेश दिए हैं।


Spread the love