देवभूमि जन हुंकार, रुद्रपुर / ऊधमसिंहनगर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस.टी.एफ. द्वारा संगठित गैंग/गैंगस्टर एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देशों के क्रम में एस.टी.एफ. कुमाऊँ यूनिट, रुद्रपुर ने थाना पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूलकर धोखाधड़ी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दो वाहनों से दबोचे गए दोनों आरोपी
मुखबिर से एसटीएफ को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दो अलग-अलग वाहनों में बैठकर कुछ लोग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य कागजात तैयार कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूल रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ कुमाऊँ यूनिट और थाना पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों वाहनों की घेराबंदी कर तलाशी ली।
एक वाहन में बैठे व्यक्ति की पहचान प्रवीण बाछाड़ पुत्र विकास बाछाड़, निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर तथा दूसरे वाहन में लैपटॉप पर कार्य कर रहे व्यक्ति की पहचान पंकज कांति सेन पुत्र स्वर्गीय स्वदेश कांति सेन, निवासी वार्ड संख्या-03, ट्रांजिट कैम्प, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई।
पूछताछ में खुलासा: सरकारी शुल्क छिपाकर अधिक वसूली, निजी लैब से डुप्लीकेट दस्तावेज की बात
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आरटीओ कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क कर सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाते थे और निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूलते थे। दोनों निजी वाहनों में लैपटॉप एवं प्रिंटर से अपना काम संचालित कर रहे थे, तथा कुछ डुप्लीकेट आरसी एवं ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराए जाने की बात भी सामने आई है। एसटीएफ बरामद दस्तावेजों व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का विश्लेषण कर नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा अवैध वसूली की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त, बरामदगी और एसटीएफ की अपील
गिरफ्तार अभियुक्तों में (1) प्रवीण बाछाड़ पुत्र विकास बाछाड़, निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर, ऊधमसिंहनगर और (2) पंकज कांति सेन पुत्र स्वर्गीय स्वदेश कांति सेन, निवासी वार्ड संख्या-03, ट्रांजिट कैम्प, ऊधमसिंहनगर शामिल हैं। उनके कब्जे से 75 वाहन आरसी, 07 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 (मोटरयान नियम-55 के अंतर्गत स्वामित्व अंतरण संबंधी दस्तावेज), फॉर्म-30 के साथ संलग्न आरसी, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड की प्रतियां, 01 लैपटॉप, 01 प्रिंटर, 01 माउस, 01 लैपटॉप एडॉप्टर, 01 इंटरनेट डिवाइस और घटना में प्रयुक्त 02 वाहन बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस.टी.एफ. ने आमजन से केवल अधिकृत माध्यमों का उपयोग करने, अनधिकृत व्यक्ति को अतिरिक्त धनराशि या महत्वपूर्ण दस्तावेज न देने तथा अवैध वसूली या धोखाधड़ी की सूचना गोपनीय रूप से एसटीएफ के मोबाइल नंबर 9412029536 पर देने की अपील की है। संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ कुमाऊँ परिक्षेत्र/यूनिट से पुलिस उपाधीक्षक राकेश बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक विकास चौधरी, उ0नि0 विपिन जोशी, हे0का0 रविन्द्र सिंह बिष्ट, हे0का0 महेन्द्र गिरी, हे0का0 किशोर कुमार, आरक्षी जितेन्द्र कुमार, किशन चन्द्र शर्मा तथा थाना पंतनगर से उ0नि0 अनिल मेहता व का0 कृपाल सिंह शामिल रहे।


