Spread the love

फ्लैट्स मैदान का डीएम वंदना सिंह ने किया निरीक्षण, 15 अगस्त तक जलभराव समाधान और समतलीकरण के दिए निर्देश

खेल प्रतिभाओं के लिए विकसित होंगी सुविधाएं, बैडमिंटन कोर्ट में लाइटिंग और सिंथेटिक सतह की मांग पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

नैनीताल। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने गुरुवार को नैनीताल के ऐतिहासिक फ्लैट्स मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया और मैदान में जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को ठोस कार्ययोजना के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था RWD के अधिशासी अभियंता (ईई) को 15 अगस्त तक मैदान का समतलीकरण कर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फ्लैट्स मैदान में विभिन्न खेलों के अभ्यास होते हैं, ऐसे में बजरी बिछाने से पूर्व मैदान का स्वरूप तय करने हेतु खेलने वाले बच्चों से फीडबैक लेना आवश्यक है, जिससे मैदान को खेलों के अनुकूल और अधिक बेहतर बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने आर्टिफिशियल रॉक क्लाइंबिंग वॉल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए रस्सी की नियमित जांच कराने तथा सुरक्षा उपकरण, मैट, हेलमेट आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने खेल विभाग को रॉक क्लाइंबिंग हेतु प्रशिक्षक की नियुक्ति के आदेश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि नैनी झील के दृश्य सौंदर्य को ध्यान में रखते हुए फ्लैट्स मैदान में सौंदर्यकारी कार्य कराए जाएं। मैदान परिसर में प्रभावी लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए ताकि खिलाड़ी रात में भी अभ्यास कर सकें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय बच्चों व खिलाड़ियों से संवाद किया और उनकी मांगों को गंभीरता से लिया। बैडमिंटन कोर्ट में लाइटिंग एवं सिंथेटिक कोर्ट की मांग पर उन्होंने संबंधित विभाग को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पैवेलियन भवन में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई और तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही, मैदान के आसपास की विद्युत लाइन और केबल व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने हेतु विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा,

फ्लैट्स मैदान नैनीताल शहर की पहचान और गौरव है। इसके सुदृढ़ीकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

इस मौके पर उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाज़िश खलीक, ईई PWD रत्नेश सक्सेना, आरईएस के.के. जोशी, नगर पालिका ईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

You missed