Spread the love

रुड़की में होटल की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस की छापेमारी में 13 गिरफ्तार

रुड़की। मानव तस्करी विरोधी सेल और सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को श्रीनिवास होटल में छापेमारी के दौरान देह व्यापार का बड़ा खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से आठ महिलाओं और पांच पुरुषों सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। होटल के कमरों से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने श्रीनिवास होटल पर अचानक छापा मारा, जिससे होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जांच के दौरान पुलिस को विभिन्न कमरों में संदिग्ध गतिविधियों के प्रमाण मिले। गिरफ्तार की गई महिलाएं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही हैं।

कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि इस अवैध गतिविधि में शामिल प्रमुख आरोपियों में राजा उर्फ रांझा (निवासी पाड़ली गुज्जर, रुड़की), हैदर अली (पूर्वी अंबर तालाब, रुड़की), सिद्धांत (ग्राम पोड़ोवाली, लक्सर), रविकांत (ग्राम लखनौता, झबरेड़ा) और लक्की (असद रोड, मॉडल टाउन, पानीपत) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का संचालन राजा उर्फ रांझा द्वारा किया जा रहा था, जो अपने साथियों निक्की, कल्लू और दीपक के साथ मिलकर लंबे समय से इस अनैतिक धंधे में संलिप्त था। आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों जैसे हरियाणा, असम, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से युवतियों को लाकर रुड़की और आसपास के होटलों में भेजते थे।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह पिछले छह वर्षों से देह व्यापार का कारोबार संचालित कर रहा था। होटल संचालकों की मिलीभगत से यह पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और होटलों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार अधिनियम और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।


Spread the love