Spread the love

पिथौरागढ़ पंचायत चुनाव: हार के बाद बीडीसी प्रत्याशी ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

पिथौरागढ़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के बाद पिथौरागढ़ जिले से एक दुखद समाचार सामने आया है। विण विकासखंड की लेलू क्षेत्र पंचायत सीट से बीडीसी के प्रत्याशी रहे 54 वर्षीय लक्ष्मण गिरी ने चुनाव परिणाम घोषित होने के अगले दिन शुक्रवार की रात कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मण गिरी ने पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन किया था। 31 जुलाई को चुनाव परिणाम घोषित हुए, जिसमें उन्हें कुल पाँच प्रत्याशियों में सबसे कम महज 15 वोट मिले। चुनावी हार के सदमे को लक्ष्मण संभवतः सहन नहीं कर पाए और शुक्रवार देर शाम उन्होंने कथित रूप से कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।

रात करीब नौ बजे परिजनों ने उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां तैनात चिकित्सक डॉ. अब्दुल के नेतृत्व में तत्काल उपचार शुरू किया गया। हालांकि कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

कोतवाली पिथौरागढ़ के प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन जोशी ने पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक पंचायत चुनाव का प्रत्याशी था और मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची थी। प्रारंभिक दृष्टिकोण से यह मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार लक्ष्मण गिरी सामाजिक रूप से सक्रिय और सरल स्वभाव के व्यक्ति माने जाते थे। हालांकि चुनाव परिणाम ने उन्हें गहरी निराशा में धकेल दिया। ग्रामीणों का मानना है कि लगातार सामाजिक दवाब और अपेक्षित जन समर्थन न मिलने की पीड़ा उन्हें भीतर तक तोड़ गई थी।


Spread the love