लगातार बारिश से वनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गौला पुल तक भू-स्खलन का खतरा बढ़ा, मार्ग पूर्णतः बंद
हल्द्वानी, 04 अगस्त 2025। लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण वनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गौला पुल तक का मार्ग गंभीर भू-स्खलन और कटाव की चपेट में आ गया है। जनसुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग को अगले आदेश तक पूर्ण रूप से बंद करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), हल्द्वानी के अधिशासी अभियंता द्वारा दिनांक 04 अगस्त 2025 को प्रेषित पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया कि मानसून की वर्षा के चलते पूर्व में क्षतिग्रस्त इस मार्ग का लगभग 140 मीटर बायां हिस्सा अब और अधिक कटाव और भू-स्खलन का शिकार हो रहा है। सड़क इतनी संकरा हो चुकी है कि अब तक केवल वन-वे यातायात ही संभव था।
इसी दिन सहायक अभियंता के साथ किए गए स्थलीय निरीक्षण में यह भी पाया गया कि क्षेत्र में अतिरिक्त भू-स्खलन की संभावना अभी भी बनी हुई है और लगातार बारिश के कारण किसी भी समय बड़ा भू-स्खलन या कटाव हो सकता है, जिससे जानमाल की हानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिशासी अभियंता द्वारा की गई संस्तुति के आधार पर, प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए वनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गौला पुल तक के मार्ग पर सभी प्रकार के यातायात को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया है। यह आदेश जन-सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
