Spread the love

राष्ट्रीय राजमार्ग धंसा: टिहरी के दुआधार क्षेत्र में मची अफरा-तफरी, भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

टिहरी (उत्तराखंड)। टिहरी जिले में चंबा और नरेंद्रनगर के बीच स्थित दुआधार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) का एक हिस्सा अचानक धंस जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क के धंसते ही मार्ग पर यातायात बाधित हो गया, जिससे प्रशासन को तत्काल सतर्कता बरतनी पड़ी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रूप से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। फिलहाल केवल हल्के वाहनों को सीमित गति के साथ मार्ग से गुजरने की अनुमति दी गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस विभाग और सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग को बैरीकेडिंग और रिफ्लेक्टर्स लगाकर अस्थायी रूप से सुरक्षित किया। क्षेत्र में ट्रैफिक को नियंत्रित करने और किसी भी अनहोनी से बचाव के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन ने भारी वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस मार्ग का प्रयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों का चयन करें। साथ ही स्थानीय नागरिकों और यात्रियों से भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

यह जानकारी पुलिस कार्यालय के मीडिया सेल द्वारा जनहित में जारी की गई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कदम उठाने की बात कही गई है।


Spread the love