“हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता” अभियान के तहत महिलाओं ने दिखाई देशभक्ति और हुनर
संवाददाता – सीमा खेतवाल
शहरी विकास निदेशालय के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 8 अगस्त 2025 को नगर पालिका परिषद बागेश्वर के सभागार में संगम स्वायत्त सहकारिता समिति की महिलाओं द्वारा तिरंगा ध्वज बुनाई का कार्य किया गया। इस दौरान महिलाओं ने अपने हाथों से राष्ट्रीय ध्वज तैयार कर देशभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम में सिटी मिशन मैनेजर, नगर पालिका परिषद बागेश्वर के प्रतिनिधि और संगम स्वायत्त सहकारिता समिति की 20 महिलाएं मौजूद रहीं।
आयोजन का उद्देश्य न केवल राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाना था, बल्कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा। उपस्थित जनों ने आगामी स्वतंत्रता दिवस तक अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों में तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का भी आह्वान किया गया।
महिलाओं के इस योगदान की नगर पालिका परिषद बागेश्वर के अधिकारियों ने सराहना की और इसे देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का अद्भुत उदाहरण बताया।
