Spread the love

रक्षाबंधन पर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने हल्द्वानी जेल में महिला बंदियों संग मनाया भाई-बहन का पर्व, निरीक्षण में देखी आत्मनिर्भरता की मिसाल

हल्द्वानी, 9 अगस्त 2025 – रक्षाबंधन के पावन अवसर पर हल्द्वानी जेल में एक विशेष आयोजन हुआ, जिसमें कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री सचिव श्री दीपक रावत ने महिला बंदियों के साथ भाई-बहन का पर्व मनाया। उनके साथ धर्मपत्नी श्रीमती विजेता रावत, जेल अधीक्षक प्रमोद पांडेय और जेल स्टाफ मौजूद रहे।

श्री रावत ने महिला बंदियों से राखी बंधवाई और उन्हें आशीर्वाद देते हुए आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई महिला बंदियों के भाई इस बार राखी पर मिलने नहीं आ सके, ऐसे में उनकी भावनाओं को समझते हुए उन्होंने स्वयं उनके साथ यह पर्व मनाने का निर्णय लिया।

कार्यक्रम के बाद कुमाऊं कमिश्नर ने जेल का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने महिला और पुरुष बंदियों को पेंटिंग, बढ़ईगिरी और अन्य उत्पादन कार्यों में संलग्न देखा। इन कार्यों से बंदियों को आर्थिक आमदनी के साथ-साथ डिप्लोमा भी मिलता है, जो रिहाई के बाद उनके पुनर्वास और आत्मनिर्भरता में सहायक होगा।

श्री रावत ने इन गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास बंदियों को समाज की मुख्यधारा में वापस लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।


Spread the love