मालधन बाजार बंद को जनता का व्यापक समर्थन, स्वास्थ्य सुविधाओं और नशा मुक्ति की उठी मांग
मालधन। “नशा नहीं इलाज दो” अभियान के तहत 18 अगस्त, सोमवार को मालधन बाजार, शिक्षण संस्थान और बैंक बंद कार्यक्रम को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। मालधन क्षेत्र के दुकानदारों ने भी इस बंद का समर्थन किया है।
महिला एकता मंच की मालधन संयोजक विनीता टम्टा ने बताया कि प्रातः 7 बजे से ही महिलाएं बंद को सफल बनाने के लिए सड़कों पर उतरेंगी। वहीं सुबह 10 बजे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालधन में मानकों के अनुसार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और नशे पर रोक लगाने की मांग को लेकर जुलूस भी निकाला जाएगा।
महिला एकता मंच की सरस्वती जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार मालधन की जनता से स्वास्थ्य सुविधाएं छीन रही है, जो 40 हजार आबादी के जीवन के संवैधानिक अधिकार पर कुठाराघात है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
वहीं ममता ने जन संपर्क के दौरान नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यदि जनता चाहती है कि मालधन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव, आपरेशन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, बच्चों का डॉक्टर और 24×7 इमरजेंसी सुविधाएं उपलब्ध हों तथा डॉ. प्रशांत कौशिक और डॉ. अर्चना का ट्रांसफर रद्द किया जाए, तो सभी को 18 अगस्त के मालधन बंद का सहयोग और समर्थन करना होगा।
जन संपर्क एवं नुक्कड़ सभा कार्यक्रम में रजनी, ममता, पुष्पा, रेखा, विनीता, सरला, सोनी, कौशल्या, भगवती, सरिता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।
