Spread the love

बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव गोलीकांड : CO प्रमोद शाह पर विभागीय कार्रवाई, SO अनीश अहमद निलंबित

नैनीताल। बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई गोलीबारी की घटना पर राज्य निर्वाचन आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है। आयोग ने कार्रवाई करते हुए भवाली के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) प्रमोद शाह के खिलाफ विभागीय कार्यवाही और बेतालघाट के थानाध्यक्ष (SO) अनीश अहमद के निलंबन की संस्तुति राज्य सरकार को भेजी है।

गौरतलब है कि 14 अगस्त को बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख और उप प्रमुख पद के चुनाव के दौरान एक पक्ष द्वारा खुलेआम गोलीबारी की गई थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था और चुनावी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठने लगे।

16 अगस्त को जारी राज्य निर्वाचन आयोग के संयुक्त सचिव कमलेश मेहता के हस्ताक्षर वाले पत्र में इस घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। पत्र के अनुसार CO भवाली प्रमोद शाह को विभागीय कार्यवाही का सामना करना होगा, जबकि थानाध्यक्ष बेतालघाट अनीश अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की संस्तुति की गई है।

चुनाव के दौरान हुई इस गोलीबारी की घटना ने पूरे प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक हलचल मचा दी थी। विपक्षी दलों और आम जनता ने चुनावी माहौल में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हुए सवाल उठाए कि जिनके खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को कार्रवाई करनी चाहिए थी, उन्हें बचाने में ढिलाई बरती गई। अब निर्वाचन आयोग की इस सख्त कार्रवाई ने पुलिस प्रशासन पर भी बड़ा दबाव बना दिया है।


Spread the love

You missed