Spread the love

मालधन में महिला एकता मंच का “नशा नहीं इलाज दो” अभियान सफल, जनता का बंद को अपार समर्थन

मालधन। महिला एकता मंच द्वारा चलाए जा रहे “नशा नहीं, इलाज दो” अभियान के तहत सोमवार को मालधन बाजार पूरी तरह बंद रहा। बंद को स्थानीय जनता, दुकानदारों, फड़-खोखा संचालकों, मेडिकल स्टोर संचालकों, हलवाई और दूध व्यवसायियों ने पूरा समर्थन दिया।

महिला एकता मंच ने यह बंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालधन से फीजिशियन डॉ. प्रशांत कौशिक और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना कौशिक के तबादले को रद्द करने अथवा उनकी जगह नए डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग को लेकर बुलाया था। मंच ने साथ ही रेडियोलॉजिस्ट, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, प्रसव एवं ऑपरेशन सुविधाएं और 24×7 आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में नशे पर रोक लगाने की मांग उठाई।

सुबह सात बजे से ही महिलाएं और आम लोग सड़कों पर उतर आए। दिन में एक बजे मालधन चौराहे पर धरना-प्रदर्शन और जुलूस भी निकाला गया।

सभा को संबोधित करते हुए महिला एकता मंच की कार्यकर्ता भगवती आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार ने डॉक्टरों का ट्रांसफर कर मालधन क्षेत्र की 40 हजार आबादी को बिना इलाज के मरने के लिए छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना या प्रसव के समय “गोल्डन आवर” में इलाज न मिलना मृत्यु को सुनिश्चित कर देता है।

ममता ने कहा कि सरकार इलाज देने की बजाय क्षेत्र में शराब की दुकानें खोलकर नशा परोस रही है। उन्होंने 14 मई को सरकार द्वारा शराब की नवसृजित दुकानों को बंद करने के आदेश को लागू करने की मांग की और गोपाल नगर में खोली गई शराब की दुकान को तुरंत बंद करने की चेतावनी दी। साथ ही अवैध व कच्ची शराब पर रोक लगाने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने की मांग भी उठाई।

सभा में सरस्वती जोशी, तुलसी छिम्वाल, ग्राम प्रधान जगमोहन, ग्राम प्रधान संजीव, किसान संघर्ष समिति के ललित उप्रेती, महेश जोशी, समाजवादी लोक मंच के मुनीष कुमार, सुरेश चन्द्र खंतवाल और युवा एकता मंच के इन्द्रजीत सहित कई वक्ताओं ने समर्थन जताया।

महिला एकता मंच ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगें पूरी नहीं की गईं तो भाजपा नेताओं का थाली-कनस्तर बजाकर घेराव किया जाएगा और क्षेत्र में अनिश्चितकालीन चक्का जाम भी किया जाएगा।

अंत में महिला एकता मंच की संयोजक विनीता टम्टा ने बंद को सफल बनाने और समर्थन देने के लिए मालधन क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया।


Spread the love